देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

गुजरात में चांदीपुरा वायरस का कहर, 22 बच्चों की मौत; स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

अहमदाबाद। गुजरात में चांदीपुरा वायरस संक्रमण को लेकर स्थिति गंभीर बनी हुई है। मानसून सीजन में अब तक इस वायरस के कारण 22 बच्चों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य में सामने आए 184 संदिग्ध मामलों में से 35 बच्चों में संक्रमण की पुष्टि हुई है, जबकि कुछ नमूनों की जांच रिपोर्ट अभी लंबित है।

स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानसेरिया ने बताया कि फिलहाल संक्रमित सात बच्चों का विभिन्न सरकारी अस्पतालों में इलाज चल रहा है। गांधीनगर, साबरकांठा-हिम्मतनगर, पाटन, राजकोट और भावनगर के अस्पतालों में विशेष चिकित्सा व्यवस्था की गई है। वहीं छह बच्चे उपचार के बाद स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने पूरे राज्य में निगरानी बढ़ा दी है। सभी पुष्ट मामले 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों में पाए गए हैं। संक्रमण को रोकने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में कीटनाशक छिड़काव और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

चांदीपुरा वायरस को फैलाने वाली रेत मक्खियों से बचाव के लिए लोगों को घरों की दीवारों की दरारें बंद रखने और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है। अस्पतालों को तेज बुखार, उल्टी, दौरे और चेतना में बदलाव जैसे लक्षण वाले बच्चों को तत्काल उपचार देने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और बच्चों में लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की अपील की है। फिलहाल इस वायरस के लिए कोई विशेष टीका या एंटीवायरल दवा उपलब्ध नहीं है।

Author

Related Articles

Back to top button