चलती पेंचवैली एक्सप्रेस के एसी कोच में लगी आग, 72 यात्रियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

इटारसी। नैनपुर-इंदौर पेंचवैली एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 19344) के बी-2 एसी कोच में बुधवार तड़के करीब 4 बजे आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल में इटारसी से पहले पोला पत्थर स्टेशन के पास हुई। कोच में सवार करीब 72 यात्रियों, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एसी पैनल से पहले धुआं निकलना शुरू हुआ, जो देखते ही देखते पूरे कोच में फैल गया। धुएं के कारण यात्रियों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। स्थिति गंभीर होते देख ट्रेन की चेन खींचकर उसे रोका गया और सभी यात्रियों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान एसी पैनल से चिंगारियां निकलने, फायर अलार्म बजने और कोच की लाइटें बार-बार बंद-चालू होने से यात्रियों में दहशत फैल गई। कई लोग अपना सामान तक कोच में छोड़कर बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के लगभग 35 अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच के बाद प्रभावित बी-2 कोच के सभी यात्रियों को अन्य कोचों में स्थानांतरित किया गया और सुरक्षा सुनिश्चित होने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि जिन यात्रियों को एसी के बजाय स्लीपर या अन्य श्रेणी में यात्रा करनी पड़ रही है, उन्हें किराए का अंतर वापस किया जाएगा। इसके लिए टीटीई संबंधित यात्रियों को प्रमाण-पत्र जारी करेगा, जिसके आधार पर यात्रा पूरी होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत रिफंड प्राप्त किया जा सकेगा। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।













