बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपाल

एमपी कैबिनेट के बड़े फैसले: डिफॉल्टर किसानों के लिए ‘कवच’ योजना, ग्वालियर में बनेगा टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन, 5 हजार नौकरियां मिलेंगी

भोपाल। मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई मध्यप्रदेश कैबिनेट बैठक में किसानों, शिक्षा, उद्योग, स्वास्थ्य और खेल क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगी। बैठक के बाद लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि सहकारी समितियों के ऋण खातों में अनियमितताओं से प्रभावित किसानों के लिए ‘कवच योजना’ शुरू की जाएगी। इस योजना के माध्यम से करीब 5 हजार डिफॉल्टर किसानों को राहत देकर उन्हें दोबारा सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। जिला सहकारी बैंक और अपेक्स बैंक इसके लिए आवश्यक नीति बनाकर सहायता उपलब्ध कराएंगे।

कैबिनेट ने ग्वालियर में देश का पहला टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन स्थापित करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के बीच हुए एमओयू को भी मंजूरी दी। 350 एकड़ में विकसित होने वाली इस परियोजना में मोबाइल, नेटवर्किंग उपकरण, ऑप्टिकल फाइबर, सेमीकंडक्टर चिप तथा 5जी-6जी तकनीक से जुड़े विनिर्माण और अनुसंधान कार्य होंगे। परियोजना में करीब 15 हजार करोड़ रुपये का निवेश आने और 5 हजार से अधिक रोजगार सृजित होने का अनुमान है।

बैठक में शिक्षा क्षेत्र को भी कई सौगातें दी गईं। प्रदेश में 60 नए सांदीपनि विद्यालय शुरू किए जाएंगे तथा हाल ही में 10 हजार शिक्षकों की भर्ती के साथ एआई आधारित ‘केंद्रीय मिशन बुनियाद’ को आठ जिलों के 500 शासकीय विद्यालयों में लागू किया जाएगा। बोर्ड परीक्षाओं में लगातार तीन वर्षों तक शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले विद्यालयों के प्राचार्यों को 1 लाख रुपये सम्मान राशि और विद्यालय विकास के लिए 5 लाख रुपये दिए जाएंगे।

कैबिनेट ने जनजातीय कार्य विभाग के शिक्षकों के लिए चतुर्थ क्रमोन्नत वेतनमान योजना लागू करने का भी निर्णय लिया, जिससे अगले तीन वर्षों में 6,846 शिक्षक लाभान्वित होंगे। इसके अलावा खेल अधोसंरचना, स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए आगामी पांच वर्षों में हजारों करोड़ रुपये की योजनाओं को स्वीकृति दी गई।

सरकार ने यह भी घोषणा की कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 7 अगस्त से छिंदवाड़ा से ‘जन विश्वास अभियान’ की शुरुआत करेंगे। वहीं, 9 से 17 अगस्त तक पूरे प्रदेश में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा, जिसमें तिरंगा यात्राएं, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सैनिकों एवं पुलिसकर्मियों के सम्मान से जुड़े आयोजन किए जाएंगे।

Author

Related Articles

Back to top button