लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए स्कूल कैप्टन और वाइस कैप्टन, छात्रों ने उत्साह से किया मतदान
काइट्स राइज पब्लिक स्कूल में पांच साल से जारी है अनूठी चुनाव प्रक्रिया, शशांक दुबे बने स्कूल कैप्टन और अंजली वैश्य वाइस कैप्टन

सिंगरौली। विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से सिंगरौली स्थित काइट्स राइज पब्लिक स्कूल में लोकसभा और विधानसभा चुनाव की तर्ज पर विद्यालय कैप्टन एवं वाइस कैप्टन का चुनाव कराया गया। पूरी पारदर्शिता और नियमों के साथ संपन्न हुए इस चुनाव में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
विद्यालय संचालक अमित राज ने बताया कि स्कूल में पिछले पांच वर्षों से इस तरह की चुनाव प्रक्रिया आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य छात्रों को लोकतंत्र की कार्यप्रणाली से रूबरू कराना और उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। चुनाव से पहले सभी प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया, उन्हें चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए और उन्होंने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संपर्क कर अपनी योजनाएं एवं प्राथमिकताएं बताईं।
चुनाव को निष्पक्ष बनाने के लिए रिटर्निंग ऑफिसर, जांच दल और चुनाव समिति का गठन किया गया था। मतदान के लिए अलग-अलग कक्षों में मतदान केंद्र बनाए गए, जहां सुरक्षा और व्यवस्था के बीच छात्र-छात्राओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान से पहले विद्यार्थियों की पहचान विद्यालय डायरी और आधार कार्ड के माध्यम से सत्यापित की गई। इसके बाद रिटर्निंग ऑफिसर की निगरानी में मतदान कराया गया।

मतदान प्रक्रिया को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। पहली बार मतदान करने वाले छात्रों ने इसे यादगार अनुभव बताते हुए कहा कि विद्यालय में वास्तविक चुनाव जैसी व्यवस्था देखकर उन्हें लोकतंत्र की प्रक्रिया को समझने का अवसर मिला।
मतगणना के बाद शशांक दुबे को विद्यालय का स्कूल कैप्टन तथा अंजली वैश्य को वाइस कैप्टन निर्वाचित घोषित किया गया। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल बन गया। विजयी प्रत्याशियों ने सभी विद्यार्थियों का आभार जताते हुए छात्र हित और विद्यालय के विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व, निर्णय लेने की क्षमता और लोकतांत्रिक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।











