बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

निगरी गोपद बैराज सहित जिले के अन्य जलभराव वाले स्थलों पर प्रशासन मुस्तैद, आपदा प्रबंधन की टीमें रख रही हैं पैनी नजर

सिंगरौली। जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है। कलेक्टर गौरव वैनल के नेतृत्व तथा जिला होमगार्ड कमांडेंट के कुशल मार्गदर्शन में एसडीआरएफ, होमगार्ड एवं जिला आपदा प्रबंधन की टीमें निगरी गोपद बैराज सहित अन्य जलभराव एवं बाढ़ संभावित क्षेत्रों पर लगातार पैनी नजर बनाए हुए हैं।

प्रशासन के अनुसार निगरी स्थित गोपद बैराज का जलस्तर फिलहाल सामान्य है। बैराज में पानी पुल से लगभग 10 फीट नीचे बह रहा है और वर्तमान में किसी भी प्रकार के जानमाल के नुकसान की स्थिति नहीं है। हालांकि लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए जलस्तर की नियमित निगरानी की जा रही है।

जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। चितरंगी क्षेत्र के गोपद-सोन संगम (गढ़वा), सोन नदी, लांघाडोल की गोपद नदी, निगरी का गोपद बैराज एवं रिहंद जलाशय सहित अन्य जलभराव वाले स्थानों पर प्रशासनिक अमला लगातार निगरानी कर रहा है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दल आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार हैं।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि बारिश के दौरान डूब क्षेत्र, नदी-नालों, जलाशयों एवं गहरे पानी वाले स्थानों पर जाने से बचें। बच्चों को नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास न जाने दें तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।

प्रशासन ने यह भी आग्रह किया है कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना, जलभराव, बाढ़ अथवा अन्य आपदा संबंधी सूचना तत्काल जिला प्रशासन के टोल-फ्री नंबर 1079 या 112 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

Author

Related Articles

Back to top button