पीएम स्वनिधि विशेष शिविर में 112 आवेदन प्राप्त
पात्र रेहड़ी-पटरी एवं फुटपाथ विक्रेताओं को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए नगर निगम का विशेष अभियान जारी

सिंगरौली,। नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान के निर्देशन में प्रधानमंत्री स्वनिधि (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत पात्र रेहड़ी-पटरी एवं फुटपाथ विक्रेताओं को स्वरोजगार के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा वार्ड क्रमांक 18 स्थित आवासीय परिसर, केंद्रीय कर्मशाला जयंत के समीप विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए पात्र हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त किए गए।
एनयूएलएम के नोडल अधिकारी श्री अक्षत उपाध्याय ने बताया कि शिविर के दौरान कुल 112 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनका नियमानुसार परीक्षण कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत शहरी क्षेत्रों के रेहड़ी-पटरी एवं फुटपाथ विक्रेताओं को बिना किसी गारंटी के कार्यशील पूंजी ऋण, समय पर ऋण चुकाने पर ब्याज सब्सिडी, डिजिटल लेन-देन पर प्रोत्साहन राशि तथा पात्रता अनुसार पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड की सुविधा प्रदान की जाती है। शिविर में वार्ड क्रमांक 18 के पार्षद श्री अखिलेश सिंह ने भी क्षेत्र के पात्र हितग्राहियों को शिविर में पहुंचकर योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। नगर निगम द्वारा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक योजना का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से आगामी दिनों में अन्य वार्डों में भी विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर के दौरान नगर निगम की एनयूएलएम शाखा के ऑपरेटर सी.एल. कुशवाह, कृष्ण शाह, रिसोर्स पर्सन नरेंद्र त्रिपाठी, रीना सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











