प्रस्फुटन समितियों के प्रशिक्षण में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनभागीदारी पर जोर

सिंगरौली,। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद्, सिंगरौली द्वारा विकासखंड बैढ़न के जनपद पंचायत सभागार में चयनित प्रस्फुटन समितियों की विकासखंड स्तरीय मासिक बैठक सह प्रशिक्षण “प्रस्फुटन शक्ति संचय” कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में प्रस्फुटन समितियों की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने, जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन तथा सामाजिक गतिविधियों में जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में जिला समन्वयक राजकुमार विश्वकर्मा ने प्रस्फुटन समितियों के दायित्वों, अभिलेखों एवं दस्तावेजों के सुव्यवस्थित संधारण तथा समाजहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने समितियों से शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
जनपद पंचायत बैढ़न के लेखा अधिकारी राजेश तिवारी ने प्रस्फुटन एवं नवांकुर संस्थाओं के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि समितियां जल गंगा संवर्धन अभियान सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने इन प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी सक्रियता के साथ कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की। विकासखंड समन्वयक रजनीश मिश्रा ने समितियों को विभिन्न लोककल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए 12 अगस्त को स्वैच्छिकता पखवाड़े के समापन अवसर पर प्रत्येक ग्राम में पौधारोपण एवं सामाजिक गतिविधियों के आयोजन के निर्देश दिए।
उन्होंने हरियाली यात्रा, “एक पेड़ मां के नाम” वृक्षारोपण अभियान, तिरंगा यात्रा तथा सीएमसीएलडीपी में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया। प्रशिक्षण के दौरान नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी प्रस्फुटन समितियों को उनके दायित्वों, सामाजिक गतिविधियों के संचालन तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।कार्यक्रम में अमृता शर्मा, जगप्रसाद विश्वकर्मा, रामसूरत विश्वकर्मा, शिवगंगा साहू, सुशिल्या शाह, परामर्शदाता रिनू शर्मा, सविता शाह, वंदना शाह, पूनम सिंह, अभिषेक उपाध्याय सहित नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं प्रस्फुटन समितियों के सदस्य उपस्थित रहे।











