बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सृजन संवाद में एसपी ने विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र

स्मार्ट सोच, साइबर सुरक्षा और जिम्मेदार नागरिकता का दिया संदेश

सिंगरौली। विद्यार्थियों में कानून, सुरक्षा और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सिंगरौली पुलिस द्वारा सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हिर्रवाह में “सृजन संवाद” कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें सुरक्षित जीवन और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी ने की। उन्होंने सृजन संवाद अभियान के उद्देश्य बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों को संविधान, कानून, नागरिक अधिकार एवं कर्तव्यों, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और महिला एवं बाल संरक्षण से जुड़ी व्यवहारिक जानकारी देना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. ने कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से सवाल किया कि “स्मार्ट व्यक्ति कौन होता है?” विद्यार्थियों के जवाब के बाद उन्होंने समझाया कि वास्तविक स्मार्ट वही है, जो अपनी बुद्धि और विवेक का सही उपयोग करता है, नशे से दूर रहता है, साइबर अपराधों से सतर्क रहता है और यातायात नियमों का पालन करता है।

पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को किशोरावस्था में सही निर्णय लेने की सलाह देते हुए कहा कि यह समय शिक्षा, व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य की नींव मजबूत करने का है। उन्होंने समाचार-पत्र पढ़ने, सामान्य ज्ञान बढ़ाने और सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने साइबर अपराध, यातायात नियम, नशे के दुष्परिणाम, महिला एवं बाल सुरक्षा, जीरो एफआईआर सहित विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे। पुलिस अधीक्षक ने सरल उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।

साइबर सुरक्षा के तहत विद्यार्थियों को ओटीपी, पासवर्ड और बैंक संबंधी जानकारी साझा न करने, संदिग्ध लिंक से बचने तथा साइबर ठगी होने पर 1930 हेल्पलाइन से संपर्क करने की जानकारी दी गई। साथ ही आपातकालीन सहायता के लिए 112 और बाल सहायता नंबर 1098 के बारे में भी बताया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य के.के. द्विवेदी, विद्यालयीन स्टाफ, सूबेदार आशीष तिवारी, प्रधान आरक्षक आशीष बागरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को अनुशासन, जागरूकता और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

Author

Related Articles

Back to top button