स्कूल, आंगनबाड़ी केन्द्र एवं उचित मूल्य दुकानों का एसडीएम सिंगरौली ने किया निरीक्षण

सिंगरौली, 21 अगस्त 2026। उपखण्ड अधिकारी सिंगरौली श्री सुरेश जाधव ,कार्यपालिक नायब तहसीलदार तहसील सिंगरौली एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सिंगरौली के द्वारा संयुक्त रूप से अनुभाग अंतर्गत स्कूल, आंगनबाड़ी केन्द्र एवं शासकीय उचित मूल्य दुकानों का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केन्द्र पड़ेनिया के भवन को क्षतिग्रस्त पाया गया। इस पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी बैढ़न ग्रामीण को आंगनबाड़ी केन्द्र को तत्काल उचित स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए।
तत्पश्चात शासकीय उचित मूल्य दुकान गड़हरा एवं उचित मूल्य दुकान परसौना का आकस्मिक निरीक्षण भी किया गया। गड़हरा उचित मूल्य दुकान में कुल 586 कार्डधारकों में से 370 कार्डधारकों तथा परसौना उचित मूल्य दुकान में 769 कार्डधारकों में से 448 कार्डधारकों को राशन वितरण किया जाना पाया गया। हितग्राहियों से राशन वितरण के संबंध में जानकारी लेने पर किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं हुई। एसडीएम के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय काजन के निरीक्षण के दौरान सभी शिक्षक उपस्थित मिले। विद्यालय परिसर में गंदगी पाए जाने पर प्रधानाध्यापक को तत्काल साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गड़हरा के निरीक्षण में समस्त शिक्षक उपस्थित पाए गए। अतिथि शिक्षकों की उपस्थिति रजिस्टर के अवलोकन में यह तथ्य सामने आया कि प्राचार्य द्वारा अनुपस्थित अतिथि शिक्षकों के हस्ताक्षर कॉलम रिक्त छोड़े गए थे तथा उनमें अनुपस्थिति की टीप अंकित की गई थी। एसडीएम द्वारा भविष्य में इस प्रकार की त्रुटि नहीं करने के निर्देश दिए गए तथा अनुपस्थित अतिथि शिक्षकों की उपस्थिति संबंधी प्रविष्टियों को नियमानुसार दुरुस्त कराया गया।











