सिंगरौली में विहिप की विभाग बैठक संपन्न
गौ संरक्षण, सामाजिक समरसता और संगठन विस्तार सहित आगामी कार्यक्रमों पर हुआ मंथन

सिंगरौली। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) महाकौशल प्रांत की ओर से सिंगरौली में विभाग स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को ग्राम एवं बूथ स्तर तक मजबूत करने, सामाजिक समरसता, गौ संरक्षण तथा मंदिरों को संस्कार और जनजागरण के केंद्र के रूप में विकसित करने सहित आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। बैठक में प्रांत, विभाग एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय संगठन मंत्री राजाराम ने जिले में विहिप की विभिन्न समितियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने गौ रक्षा एवं गौ संरक्षण से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए गौ तस्करी की गतिविधियों पर नजर रखने और संबंधित मामलों की जानकारी संगठन स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने सामाजिक समरसता को भी संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल बताया।
मंदिरों को संस्कार, सामाजिक जागरूकता और जनसंपर्क के केंद्र के रूप में विकसित करने पर भी जोर दिया गया। पुजारियों और समाज के विभिन्न वर्गों से निरंतर संपर्क बनाए रखने तथा बच्चों और युवाओं को नैतिक शिक्षा एवं संस्कार देने की आवश्यकता पर चर्चा हुई।
बैठक में अशोक सिंघल जन्म शताब्दी वर्ष के प्रस्तावित कार्यक्रमों और जनजागरण अभियान को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। प्रत्येक प्रखंड में दुर्गाष्टमी कार्यक्रम आयोजित करने तथा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने की बात कही गई।
विहिप जिलाध्यक्ष डॉ. डीके मिश्रा ने कहा कि सिंगरौली औद्योगिक जिला होने के कारण देश के विभिन्न हिस्सों से लोग यहां निवास करते हैं। ऐसे में समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़कर संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करना आवश्यक है। बैठक में प्रांत सह मंत्री डॉ. राजबहादुर, विभाग मंत्री पुजेरी लाल मिश्र, बजरंग दल संयोजक राजबली शाह सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।













