अवैध यात्री परिवहन पर कार्रवाई, 2.21 लाख राजस्व वसूल
ऑपरेशन जनजागरूकता के तहत मालवाहक वाहनों की सघन जांच, नियमों के उल्लंघन पर हुई कार्रवाई

सिंगरौली। जिला कलेक्टर गौरव बेनल के निर्देश एवं जिला परिवहन अधिकारी के मार्गदर्शन में परिवहन विभाग द्वारा मालवाहक वाहनों में अवैध रूप से यात्रियों और श्रमिकों के परिवहन के खिलाफ ऑपरेशन जनजागरूकता के तहत सघन जांच अभियान चलाया गया। सुलियरी माइंस-माड़ा मार्ग पर चेक पॉइंट प्रभारी एवं टीम ने विभिन्न वाहनों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
जांच के दौरान कई मालवाहक पिकअप वाहनों में यात्रियों और श्रमिकों को असुरक्षित तरीके से ले जाते पाया गया। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि मालवाहक वाहन यात्रियों के परिवहन के लिए निर्धारित नहीं हैं और ऐसे मामलों में नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान बिना आवश्यक दस्तावेज, परमिट, फिटनेस एवं लाइसेंस के वाहन संचालन, ओवरलोडिंग, खुले में मिट्टी, गिट्टी, कोयला एवं फ्लाई ऐश परिवहन तथा बिना बिल्टी-रॉयल्टी के मामलों में भी कार्रवाई की गई। विभिन्न उल्लंघनों पर विभाग ने कुल 2 लाख 21 हजार रुपये का राजस्व वसूल किया।
सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आरटीओ चेक पॉइंट सिंगरौली द्वारा वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर भी लगाए जा रहे हैं। विभाग ने वाहन चालकों से परिवहन नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि अवैध यात्री परिवहन एवं अन्य नियम विरुद्ध गतिविधियों के खिलाफ जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग ने संदेश दिया—“नियमों का करें सम्मान, सुरक्षित रहे हर इंसान।”













