सहकारी बैंक की समीक्षा बैठक में किसानों की सुविधाओं पर जोर

सिंगरौली। सिंगरौली विधायक राम निवास शाह ने मध्यप्रदेश राज्य सहकारी अपेक्स बैंक के अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव की उपस्थिति में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित सीधी (जिला सिंगरौली) की समीक्षा बैठक में सहभागिता की। बैठक में बैंक की कार्यप्रणाली, ऋण वितरण, ऋण वसूली और किसानों को उपलब्ध कराई जा रही बैंकिंग सुविधाओं सहित सहकारिता क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई।
बैठक में किसानों को सुलभ, पारदर्शी एवं प्रभावी बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने तथा सहकारी संस्थाओं को मजबूत बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान कवच योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण ऋण व्यवस्था से बाहर हुए किसानों को दोबारा मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में यह योजना महत्वपूर्ण है।
विधायक राम निवास शाह ने कहा कि सहकारिता के माध्यम से किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देना प्राथमिकता है। बैठक में नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडे, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष सीमा जायसवाल, सहकारिता प्रकोष्ठ प्रदेश सह संयोजक रामापति जायसवाल, राज्यमंत्री प्रतिनिधि रवि चौबे, पार्षद आशीष बैस सहित बैंक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।













