बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

जलमग्न पुल बना ग्रामीणों की परेशानी का कारण, कोल्डिहा-खम्हरिया मार्ग पर विरोध प्रदर्शन

ग्रामीणों ने लगाया लापरवाही का आरोप, स्थायी पुल निर्माण की मांग को लेकर किया प्रदर्शन

चितरंगी (सिंगरौली)। कोल्डिहा से खम्हरिया संपर्क मार्ग में निर्माणाधीन पुल जलभराव के कारण पूरी तरह डूब गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों का आवागमन बाधित हो गया है। समस्या को लेकर कोरावल विकास मंच के नेतृत्व में ग्रामीणों एवं आदिवासी गोंड महासंघ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्थायी समाधान की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाए जा रहे पुल के निर्माण के दौरान ही ठेकेदार एवं विभागीय अधिकारियों को पुल की ऊंचाई बढ़ाने के लिए अवगत कराया गया था। इसके बावजूद ग्रामीणों की मांगों को नजरअंदाज करते हुए बंबा पाइप डालकर छोटी पुलिया का निर्माण कर दिया गया। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं।

बताया गया कि वर्तमान में पुल के ऊपर करीब तीन फीट पानी भरा हुआ है, जिससे लोगों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। पुल के पास सड़क भी धंस गई है। वहीं तालाब में पानी भरने के साथ मगरमच्छ होने की जानकारी से ग्रामीणों में भय बना हुआ है।

ग्रामीणों ने कहा कि यह मार्ग कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है। ऐसे में पुल की खराब स्थिति के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि पुल निर्माण की जांच कराकर तत्काल स्थायी एवं गुणवत्तापूर्ण पुल का निर्माण कराया जाए तथा लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए।

Author

Related Articles

Back to top button