पार्षद अनिल बैस ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर में किया ध्वजारोहण, राष्ट्रध्वज को दी सलामी

सिंगरौली 15 अगस्त 2026/80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर वार्ड 38 तुलसी ढोटी स्थित “मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर” में देशभक्ति के माहौल के बीच मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे नगर पालिक निगम सिंगरौली के पार्षद एवं अपीलीय समिति सदस्य श्री अनिल कुमार बैंस ने गरिमामय उपस्थिति के बीच ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के तुरंत बाद मुख्य अतिथि सहित उपस्थित अपार जनसमूह ने राष्ट्रध्वज तिरंगे को सलामी दी और एक स्वर में राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का गायन कर देश के अमर शहीदों को नमन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पार्षद अनिल बैस ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने अमर शहीदों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ समाज ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण करता है और आम नागरिकों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना ही हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों से निष्ठापूर्वक जनसेवा का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस विशेष राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर स्वास्थ्य केंद्र परिसर में स्थानीय नागरिकों और विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था प्रभारी ज़ेबा सिद्दीकी, शशिकला शाह, सरिता शाह, रंजन शाह, रीता शाह, पहलवान शाह, पारसनाथ नाई, लालू रजक तथा सरिता साकेत सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों की सक्रिय भागीदारी और गरिमामय उपस्थिति रही।













