देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

किश्तवाड़ में खाई में गिरी स्कॉर्पियो, पांच लोगों की मौके पर मौत

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के दच्छन इलाके में शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टेंडर नाला के पास याइवन में एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसा सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मृतकों के शवों को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की। फिलहाल मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

पीएमओ में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने हादसे पर दुख जताते हुए बताया कि उन्होंने किश्तवाड़ के उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा से बात की है और घटना की जानकारी ली है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी हादसे पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि दच्छन में हुए इस दुखद हादसे में पांच लोगों की मौत से उन्हें गहरा दुख हुआ है। उन्होंने जिला प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर खराब सड़कें, तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और लापरवाही से वाहन चलाना प्रमुख कारण माने जाते हैं। ट्रैफिक विभाग द्वारा नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई के लिए विशेष टीमें भी तैनात की गई हैं।

अधिकारियों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और पहाड़ी मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

Author

Related Articles

Back to top button