ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

मोरवा रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क बदहाल, गड्ढों में तब्दील हुआ मार्ग

बारिश के बाद बढ़ी परेशानी, राहगीरों ने की सड़क मरम्मत की मांग

सिंगरौली। जिले के मोरवा रेलवे स्टेशन जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढे बारिश के बाद पानी से भर गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि सड़क पर बने गड्ढों की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया है, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मोरवा रेलवे स्टेशन के अलावा यह मार्ग सिंगरौली, बरगवां और सीधी क्षेत्र से जुड़ने के लिए भी महत्वपूर्ण है। रोजाना बड़ी संख्या में दोपहिया, चारपहिया और अन्य वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं। बारिश के दौरान सड़क पर भरे पानी और कीचड़ के कारण वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कई बार वाहन चालक गड्ढों में फंस चुके हैं, जिससे मार्ग पर जाम जैसी स्थिति भी निर्मित हो जाती है। रात के समय अंधेरे में गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण हादसे की आशंका और बढ़ जाती है।

पहले भी उठ चुकी है सड़क की समस्या
स्थानीय निवासी मनीष चौधरी ने बताया कि सड़क की खराब हालत को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। बारिश के बाद सड़क की स्थिति और खराब हो गई है। उन्होंने बताया कि यदि जल्द मरम्मत नहीं की गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

एनएच निर्माण के बाद स्थायी समाधान की उम्मीद
एमपीआरडीसी अधिकारी समीर गौहर के अनुसार क्षेत्र में नेशनल हाईवे निर्माण का कार्य चल रहा है। बारिश के बाद सड़क का मेंटेनेंस कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि नेशनल हाईवे निर्माण पूरा होने के बाद इस समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है।
फिलहाल स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि यात्रियों और वाहन चालकों की परेशानी को देखते हुए जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सके।

Author

Related Articles

Back to top button