पुलिस ने निभाया ‘मानवता धर्म’, गोवंश के शव का किया अंतिम संस्कार

सिंगरौली-आमतौर पर कानून-व्यवस्था संभालने वाली पुलिस ने एक बार फिर मानवता की अनूठी मिसाल पेश की है। सिंगरौली जिले की माडा पुलिस ने सड़क किनारे पड़े एक मृत गाये की बछिया के शव को कुत्तों से बचाकर सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराया।
जानकारी अनुसार माडा मुख्य बाजार में बीते 2 दिनों से एक गौवंश मरा पड़ा है। आशंका व्यक्ति जा रही थी कि अधिक ठंड या किसी बीमारी से इसकी मौत हुई होगी। कई लोग उसे अनदेखा कर गुजरते चले गए, स्थानीय लोगों ने कई घंटों तक संबंधित विभागों को सूचित किया, लेकिन किसी ने शव को हटाने की जिम्मेदारी नहीं ली। इसके बाद माडा पुलिस को इसकी सूचना दी गई। तत्पश्चात निरीक्षक शिवपूजन मिश्रा के निर्देश पर अधीनस्थ बल उप निरी बालेन्द्र त्यागी, प्रधान आरक्षक संजय परिहार, गणेश रावत आरक्षक आविद खान को मौके पर भेजा गया। यहाँ बीते 2 दिन से पड़े शव से दुर्गंध आने लगी थी। पुलिस की मदद के लिए कोई व्यक्ति या सफाई कर्मी नहीं मिलने पर माडा पुलिस ने स्थिति की गंभीरता और लोगों की भावनाओं को देखते हुए, स्वयं इस कार्य को करने का निर्णय लिया। इसके बाद उन्होंने स्वयं गोवंश को उठाकर जेसीबी की मदद से एक स्थान पर गड्ढा खुदवाकर उसे सम्मानपूर्वक दफनाया और अंतिम संस्कार संपन्न कराया।
पुलिस की इस मानवीय कार्य से स्थानीय लोगों ने पुलिस कर्मियों की सराहना की। लोगों ने कहा कि पुलिस का यह कार्य केवल ड्यूटी निभाना नहीं है, बल्कि पशुओं के प्रति संवेदनशीलता और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को दर्शाना है। उन्होंने दिखा दिया कि पुलिस केवल कानून ही नहीं, मानवता का धर्म भी निभाती है।












