निगाही चौराहे पर भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार बलेनो की टक्कर से युवक की मौत, गुस्साए लोगों ने किया सड़क जाम

सिंगरौली।नवानगर थाना क्षेत्र के निगाही चौराहे पर आज शाम एक भयावह सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। तेज रफ्तार बलेनो कार ने सड़क पार कर रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी तीव्र थी कि बलेनो सामने से आ रही बोलेरो पर चढ़ गई। दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त पाए गए।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हुए और आक्रोशित भीड़ ने सड़क जाम कर विरोध शुरू कर दिया। भीड़ ने बलेनो चालक को पकड़कर मारपीट की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर उसे सुरक्षित थाने पहुंचाया।

मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचकर हंगामा करने लगे और मुआवजे के साथ नौकरी की मांग उठाई। करीब एक घंटे से निगाही चौराहे पर यातायात पूरी तरह अवरुद्ध रहा। सड़क के दोनों ओर लंबी कतार में वाहन फंसे रहे।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए सिंगरौली ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया है। फिलहाल बलेनो कार चालक पुलिस हिरासत में है और मामले की जांच जारी है।













