मैहर में दर्दनाक हादसा: नदी पार करते समय बहे दो मासूम भाई और मामा, एक बच्चे का शव बरामद, दो की तलाश जारी

मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में अमरपाटन तहसील के नादन देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। शनिवार रात जुड़ा गांव के पास उफनती नदी पार करते समय बाइक सवार दो सगे भाई और उनके मामा पानी के तेज बहाव में बह गए। एसडीआरएफ (SDRF) और एनडीआरएफ (NDRF) की संयुक्त रेस्क्यू टीम ने एक 5 वर्षीय बच्चे का शव बरामद कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
जन्मदिन समारोह में जा रहे थे सभी
जानकारी के अनुसार, भडरी (अमरपाटन) निवासी विराज कुशवाहा (7 वर्ष), सार्थक कुशवाहा (5 वर्ष) अपने मामा अंकुल कुशवाहा (19 वर्ष, निवासी खरमसेड़ा) के साथ बाइक से तेंदुहटी जा रहे थे। वे वहां अपनी बहन के घर आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होने निकले थे। शनिवार रात करीब 10 बजे जुड़ा गांव के पास रपटा पार करते समय अचानक पानी का तेज बहाव आया और तीनों बाइक सहित बह गए। बाद में उनकी मोटरसाइकिल रपटे के पास फंसी मिली।
सर्च ऑपरेशन में एक शव मिला, दो लापता
हादसे की सूचना मिलते ही तहसीलदार आर.डी. साकेत और देहात थाना प्रभारी पंचराज सिंह प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीमों ने नदी में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाकर 5 वर्षीय सार्थक का शव निकाल लिया है। वहीं, 7 वर्षीय विराज और 19 वर्षीय अंकुल की तलाश के लिए नदी में तेज बहाव के बीच सावधानीपूर्वक खोज अभियान चलाया जा रहा है।
परिजनों ने हाईवे पर किया चक्काजाम
तलाश में देरी का आरोप लगाते हुए आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-30 पर चक्काजाम कर दिया। इसके चलते करीब 500 मीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई और एक एंबुलेंस भी जाम में फंसी रही। बाद में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद लगभग एक घंटे में जाम समाप्त कराया जा सका। घटना के बाद से पीड़ित परिवार में मातम का माहौल है।













