कलेक्ट्रेट के सामने बाइक-कार की जोरदार भिड़ंत, युवक गंभीर घायल

सिंगरौली। बैढ़न थाना क्षेत्र में कलेक्ट्रेट के सामने शनिवार रात करीब 11 बजे तेज रफ्तार बाइक और कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार तैलई निवासी गणेश प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत चिंताजनक बताई है।
जानकारी के अनुसार गणेश प्रसाद रात में अपनी बाइक से विंध्यनगर रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कलेक्ट्रेट के सामने उनकी बाइक एक कार से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने घायल युवक को उठाकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार युवक के शरीर में गंभीर चोटें आई हैं और उसका उपचार जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर सड़क पर बैठे पशुओं को बचाने के प्रयास तथा वाहनों की तेज रफ्तार के कारण हादसे की आशंका बनी रहती है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।घटना की सूचना मिलने पर बैढ़न पुलिस भी सक्रिय हुई। थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार के अनुसार पुलिस के पहुंचने से पहले ही घायल को अस्पताल पहुंचाया जा चुका था। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर घायल के संबंध में जानकारी ली।फिलहाल मामले में किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस हादसे के कारणों और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।













