केरवा गांव में बांध टूटा, 50 एकड़ धान की फसल बर्बाद, ग्रामीणों ने लगाए लापरवाही के आरोप

सिंगरौली। गोभा पुलिस चौकी क्षेत्र की ग्राम पंचायत गोभा के केरवा गांव में 16 और 17 अगस्त की मध्यरात्रि हुई तेज बारिश के दौरान बहेरा खड़िया नाला पर बना बांध टूट गया। बांध टूटने से करीब 50 किसानों की लगभग 50 एकड़ में लगी धान की फसल बर्बाद होने की बात सामने आई है। इस बांध से करीब 150 परिवारों को सिंचाई का लाभ मिलता था।
ग्रामीणों का आरोप है कि बांध के आपातकालीन जल निकासी द्वार पर लोहे की जाली लगाए जाने से पानी का बहाव बाधित हुआ। इसके चलते लगातार बारिश के बाद बांध में पानी का दबाव बढ़ गया और बांध टूट गया।
ग्रामीणों के अनुसार, असजूद बेग निवासी गोभा पिछले करीब तीन वर्षों से बांध में मछली पालन कर रहा था। आरोप है कि उसने बांध के निकासी द्वार पर जाली लगा दी थी और स्थानीय लोगों को पानी के उपयोग से भी रोका जाता था। हालांकि इन आरोपों की प्रशासनिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
बांध रात के समय टूटा, जिससे किसी जनहानि की सूचना नहीं है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से बांध टूटने के मामले की जांच कराने, जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और किसानों को फसल क्षति का मुआवजा दिलाने की मांग की है।













