जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद में विद्यार्थियों को पुलिस, साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी
हिर्रवाह में आयोजित कार्यक्रम में करीब 150 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

सिंगरौली। पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन में विद्यार्थियों को कानून, सुरक्षा, साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से “जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद” अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हिर्रवाह में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 150 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा में पुलिस की भूमिका की जानकारी दी। विद्यार्थियों को जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
साइबर ठगी से बचाव की दी जानकारी
विद्यार्थियों को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए गए। पुलिस ने समझाया कि अनजान व्यक्ति से OTP, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी या निजी जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से बातचीत में सावधानी बरतने की सलाह दी गई। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने की जानकारी भी दी गई।
महिला और बाल सुरक्षा पर किया जागरूक
कार्यक्रम में महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार के गलत व्यवहार, छेड़छाड़ या उत्पीड़न की स्थिति में चुप नहीं रहने और तत्काल परिजनों, शिक्षकों अथवा पुलिस को सूचना देने की अपील की गई। आपात स्थिति में डायल-112 की सहायता लेने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
सड़क सुरक्षा को लेकर विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी गई। विद्यार्थियों को स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यार्थियों ने पूछे सवाल
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली, अपराध की रोकथाम, साइबर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था सहित विभिन्न विषयों पर सवाल किए। पुलिस अधिकारियों ने उनके प्रश्नों का सरल भाषा में जवाब देते हुए कानून का पालन करने, अनुशासन बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और पुलिस के बीच संवाद एवं विश्वास को मजबूत करना तथा युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार और सुरक्षित नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी, सूबेदार आशीष तिवारी, प्रधान आरक्षक आशीष बागरी, आरक्षक प्रतीक जाट, विद्यालय के प्राचार्य केके द्विवेदी सहित शिक्षकगण एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।













