जनसुनवाई में पहुंचे फरियादी, पुलिस अधीक्षक ने सुनीं समस्याएं

सिंगरौली। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए आवेदकों और फरियादियों की समस्याएं व्यक्तिगत रूप से सुनीं। फरियादियों ने अपनी शिकायतों और समस्याओं से संबंधित आवेदन पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत किए।
पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक फरियादी से संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। कई शिकायतों में मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई कराई गई, जबकि अन्य मामलों में निष्पक्ष जांच और शीघ्र वैधानिक कार्रवाई के लिए संबंधित राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए गए।
महिला फरियादियों की शिकायतों को विशेष प्राथमिकता दी गई। महिला पुलिस अधिकारियों ने उनकी काउंसलिंग कर समस्याओं की जानकारी ली तथा निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा, नवानगर थाना प्रभारी राकेश साहू, उप निरीक्षक उदय सिंह करिहार सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तत्परता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।













