मनरेगा कार्यों की अधीक्षण यंत्री ने ली गहन समीक्षा
पंचायतवार कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता परखी, VB-G-RAM-G योजना के प्रभावी अनुश्रवण के दिए निर्देश

सिंगरौली- देवसर मध्यप्रदेश राज्य रोजगार गारंटी परिषद भोपाल के अधीक्षण यंत्री ने मंगलवार को मंगल भवन जनपद पंचायत देवसर में मनरेगा योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की गहन समीक्षा की। बैठक मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत देवसर सूरज मिश्रा की मौजूदगी में आयोजित हुई। इस दौरान पंचायतवार संचालित कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं योजना के क्रियान्वयन की स्थिति की बिंदुवार समीक्षा की गई।
समीक्षा बैठक में मनरेगा के तहत स्वीकृत, प्रगतिरत एवं पूर्ण किए गए कार्यों की स्थिति पर अधिकारियों से जानकारी ली गई। अधीक्षण यंत्री ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, निर्धारित मापदंडों के पालन तथा कार्यों को समयसीमा में पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पंचायत स्तर पर चल रहे कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
नई योजना के अनुश्रवण पर विशेष जोर
बैठक में VB-G-RAM-G योजना के अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। अधीक्षण यंत्री ने सरपंचों एवं संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों से योजना के संबंध में जानकारी लेते हुए उनके सुझाव प्राप्त किए। उन्होंने शासन की मंशानुसार योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधीक्षण यंत्री ने कहा कि मनरेगा के कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। स्वीकृत कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कराए जाएं तथा कार्यस्थल पर नियमित निरीक्षण और निगरानी रखी जाए। साथ ही पात्र ग्रामीण परिवारों को योजना के तहत रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पंचायतवार प्रगति की ली जानकारी
समीक्षा के दौरान पंचायतवार योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा प्रगतिरत कार्यों को समय पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, उपयंत्री, सहायक यंत्री एवं संबंधित विभागीय अमला उपस्थित रहा।
अधीक्षण यंत्री की समीक्षा में कार्यों की जमीनी स्थिति, गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर रहा। बैठक के अंत में अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मनरेगा एवं संबंधित योजनाओं का पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।












