बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

सिग्नल केबल चोरी से थमीं 4 ट्रेनें, सोलर कैमरे ने खोला राज

₹6,750 की केबल चोरी, लेकिन रेलवे परिचालन पर बड़ा असर; एक आरोपी गिरफ्तार, दो साथी फरार

जबलपुर। जबलपुर रेलवे स्टेशन के पास यार्ड से सिग्नल केबल चोरी होने के कारण रविवार को चार ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो गया। सिग्नल सिस्टम फेल होने से ट्रेनें प्लेटफॉर्म पर खड़ी रहीं और करीब आधे से एक घंटे की देरी के बाद रवाना हो सकीं। चोरी की गई रेलवे संपत्ति की कीमत करीब 6,750 रुपए बताई गई है। आरपीएफ ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की केबल बरामद कर ली है, जबकि उसके दो साथी फरार हैं।

जबलपुर यार्ड में किलोमीटर नंबर 991/29 स्थित लोकेशन बॉक्स की जांच के दौरान रेलवे कर्मचारियों को केबल कटी मिली। इसके कारण जबलपुर-रीवा एक्सप्रेस, एलटीटी-राजगीर, निजामुद्दीन-जबलपुर और लखनऊ-यशवंतपुर एक्सप्रेस का परिचालन प्रभावित हुआ। इंजीनियरिंग टीम ने तत्काल केबल दुरुस्त कर ट्रेनों को रवाना कराया।

सोलर कैमरे से आरोपी तक पहुंची आरपीएफ

घटना के बाद आरपीएफ ने स्टेशन के आसपास लगे सोलर पावर स्टैंड-अलोन कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज में दो संदिग्ध नजर आए। जांच के आधार पर आरपीएफ ने गाजीनगर, गोहलपुर निवासी 37 वर्षीय अंसारी को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से चोरी की केबल बरामद की।

भाई और साथी के साथ की थी चोरी

पूछताछ में आरोपी ने अपने भाई अकबर अंसारी और साथी जप्पू नाटी के साथ मिलकर केबल काटने की बात बताई। तीनों ने पानी की टंकी के पास लोहे के बॉक्स को खोलकर केबल काटी और उसे झाड़ियों में छिपा दिया था। 18 अगस्त की रात केबल निकालकर ले जाते समय आरोपी आरपीएफ के हत्थे चढ़ गया।

आरपीएफ ने रेलवे प्रॉपर्टी एक्ट की धारा 3(ए) तथा रेल अधिनियम की धाराओं 147 और 174 के तहत कार्रवाई की है। फरार दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।

Author

Related Articles

Back to top button