आजम खान के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी, जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े 10 परिसरों पर कार्रवाई
रामपुर, सहारनपुर और दिल्ली में एक साथ पहुंची टीमें; कथित वित्तीय अनियमितताओं और लेन-देन की जांच

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान और जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े परिसरों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई शुरू की। एजेंसी की टीमें रामपुर, सहारनपुर और दिल्ली समेत करीब 10 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर जांच कर रही हैं। कार्रवाई जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण में कथित तौर पर काले धन के इस्तेमाल और वित्तीय लेन-देन से जुड़े मामले में की जा रही है।
ईडी की जांच के दायरे में यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े ट्रस्ट के परिसरों को भी शामिल किया गया है। एजेंसी जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण में धन के स्रोत, वित्तीय लेन-देन और कथित अनियमितताओं से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।
कई मामलों की जानकारी ईडी को दी गई
जानकारी के मुताबिक आजम खान के खिलाफ दर्ज कई मामलों से संबंधित जानकारी ईडी के साथ साझा किए जाने के बाद यह कार्रवाई हुई है। जौहर यूनिवर्सिटी लंबे समय से विभिन्न विवादों को लेकर चर्चा में रही है।
यूनिवर्सिटी की 40 में से 38 इमारतों को गिराने के मामले में भी कार्रवाई प्रस्तावित की गई थी। हालांकि मुरादाबाद कमिश्नर कोर्ट ने रामपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) के आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी है। मामले की अगली सुनवाई 25 अगस्त को होनी है।
ट्रस्ट के पंजीकरण पर भी कार्रवाई
जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मामले में 17 जून को नोटिस जारी होने के बाद जांच आगे बढ़ी थी। इसके बाद टैक्स विभाग ने 23 जून को एक और नोटिस जारी किया। इसमें मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट के पंजीकरण को कथित नियम उल्लंघनों के आधार पर रद्द करने तथा ट्रस्ट का दर्जा बदलकर एसोसिएशन ऑफ पर्सन्स करने का निर्देश दिया गया था।
ईडी की ताजा कार्रवाई से जौहर यूनिवर्सिटी और आजम खान से जुड़े वित्तीय मामलों की जांच तेज होने के संकेत हैं।













