देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

भारत ने श्रीलंका को 165 रन से रौंदा, पहले टेस्ट में 1-0 की बढ़त

मानव सुथार का कहर, मैच में 10 विकेट; दूसरी पारी में 6 विकेट लेकर श्रीलंका को 206 रन पर समेटा

कोलंबो। भारत ने गॉल में खेले गए दो टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में श्रीलंका को 165 रन से हरा दिया। भारत की जीत के हीरो युवा स्पिनर मानव सुथार रहे, जिन्होंने मैच में कुल 10 विकेट लेकर श्रीलंकाई बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।

भारत ने श्रीलंका के सामने जीत के लिए 372 रन का लक्ष्य रखा था। लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की दूसरी पारी 206 रन पर सिमट गई। सोनल दिनुशा ने 128 गेंदों में 84 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने 8 चौके और एक छक्का लगाया। कप्तान धनंजय डिसिल्वा ने 59 रन बनाए, लेकिन इनके अलावा कोई बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सका।

सुथार ने दूसरी पारी में झटके 6 विकेट

पहली पारी में 4 विकेट लेने वाले मानव सुथार ने दूसरी पारी में भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 23.4 ओवर में 55 रन देकर 6 विकेट हासिल किए। इस तरह पूरे टेस्ट में उनके नाम 10 विकेट रहे। अनुभवी स्पिनर कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा की मौजूदगी के बावजूद सुथार ने अपने प्रदर्शन से चयन को सही साबित किया।

उनके अलावा प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 विकेट, जबकि रवींद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज ने एक-एक विकेट लिया।

भारत ने बनाई थी 178 रन की बढ़त

भारत ने पहली पारी में 462 रन बनाए थे, जिसके जवाब में श्रीलंका की टीम 284 रन पर आउट हो गई। भारत को पहली पारी में 178 रन की बढ़त मिली। दूसरी पारी में भारत ने 193 रन बनाए और श्रीलंका के सामने 372 रन का लक्ष्य रखा।

सीरीज का दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा।

Author

Related Articles

Back to top button