कोलकाता में बड़ा हादसा: पांच मंजिला इमारत में भीषण आग, 9 की मौत
मृतकों में 2 महिलाएं और 4 साल का बच्चा शामिल; 80 लोगों का रेस्क्यू, 6 घायल

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित पांच मंजिला इमारत में मंगलवार देर रात करीब 1:45 बजे भीषण आग लग गई। इमारत में कई होटल संचालित हो रहे थे। हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 6 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में दो महिलाएं और चार साल का बच्चा भी शामिल है। अब तक करीब 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
आग लगने के समय अधिकांश लोग होटल में सो रहे थे। इमारत में धुआं भरने से कई लोग बेहोश हो गए। मृतकों में भारतीय और बांग्लादेशी नागरिक शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान की जा रही है और संख्या बढ़ने की आशंका है।
घने धुएं के बीच रेस्क्यू
आग की सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां, पुलिस और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीमें मौके पर पहुंचीं। घना धुआं होने के कारण ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में राहत एवं बचाव दल को काफी परेशानी हुई। आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन इमारत गर्म होने के कारण कूलिंग का काम जारी है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
फायर डिपार्टमेंट मंत्री कौशिक चौधरी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है। हालांकि आग के वास्तविक कारण की पुष्टि फॉरेंसिक जांच के बाद होगी। मंत्री ने इमारत की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यहां कई होटल संचालित हो रहे थे और बुनियादी सुरक्षा व निर्माण नियमों के पालन को लेकर गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं।
इमारत मालिक की तलाश
पुलिस के अनुसार इमारत का मालिक फिलहाल फरार है। न्यू मार्केट थाने में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। आग लगने के कारणों के साथ ही सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की भी जांच की जा रही है।












