देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

अयोध्या से 800 किमी दूर सीकर पहुंचे पुलिसकर्मी, ₹2.80 लाख की रिश्वत लेते पकड़े गए

सीकर/अयोध्या। साइबर ठगी के मामले को रफा-दफा करने के नाम पर रिश्वत लेने अयोध्या से राजस्थान के सीकर पहुंचे चार पुलिसकर्मियों को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने 2.80 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों में साइबर क्राइम थाना अयोध्या में तैनात उपनिरीक्षक यशवंत सिंह और कांस्टेबल गौरव, सोहन लाल व पवन कुमार त्रिपाठी शामिल हैं।

एसीबी के अनुसार सीकर निवासी एक युवक के खिलाफ वर्ष 2024 में अयोध्या साइबर थाने में शिकायत दर्ज हुई थी। आरोप है कि मामले को खत्म करने के नाम पर पुलिसकर्मियों ने 8 लाख रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता से पहले ही 4 लाख रुपये लिए जा चुके थे। बाद में 2.80 लाख रुपये में सौदा तय हुआ।

टोल पर एसीबी ने पकड़ा

सीकर एसीबी को शिकायत मिलने के बाद टीम ने जाल बिछाया। चारों पुलिसकर्मी रिश्वत की रकम लेकर अयोध्या लौट रहे थे। सीकर-बीकानेर नेशनल हाईवे स्थित रसीदपुरा टोल पर एसीबी ने उनकी कार को रोककर तलाशी ली। इस दौरान 2.80 लाख रुपये बरामद हुए।

एसीबी के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी रकम के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने अपनी कार से एसीबी टीम के वाहन को टक्कर मारकर भागने का प्रयास भी किया, लेकिन टीम ने उन्हें पकड़ लिया।

चारों पुलिसकर्मी निलंबित

मामला सामने आने के बाद अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने चारों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। प्रारंभिक जांच में रिश्वत लेने के आरोप सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है।

एसीबी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और रिश्वत की रकम के लेन-देन तथा मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button