10 लाख की रिश्वत लेते सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का डिप्टी कंट्रोलर ऑफ अकाउंट्स गिरफ्तार

नई दिल्ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में इंडिपेंडेंट फाइनेंशियल एडवाइजर (IFA) के पद पर तैनात डिप्टी कंट्रोलर ऑफ अकाउंट्स को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी ICAS 2020 बैच का बताया गया है। सीबीआई ने शिकायत के आधार पर 18 अगस्त 2026 को मामला दर्ज कर ट्रैप कार्रवाई की।
फाइल मंजूर कराने के बदले मांगे थे 15 लाख
सीबीआई के अनुसार एक निजी कंपनी के प्रतिनिधि ने शिकायत की थी कि कंपनी के कॉन्ट्रैक्ट रिन्यूअल की फाइल मंत्रालय में लंबित थी। आरोप है कि अधिकारी ने फाइल को तेजी से आगे बढ़ाने और मंजूरी दिलाने के बदले 15 लाख रुपये रिश्वत की मांग की।
बातचीत के बाद 10 लाख रुपये में सौदा तय होने का आरोप है। शिकायत का सत्यापन करने के बाद सीबीआई ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
पत्नी के जरिए ली रिश्वत
सीबीआई के मुताबिक ट्रैप कार्रवाई के दौरान आरोपी अधिकारी ने अपनी पत्नी के माध्यम से 10 लाख रुपये की रिश्वत स्वीकार की। रकम का लेन-देन होते ही सीबीआई टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया और रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली।
सीबीआई अब मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों और आरोपी से जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है। एजेंसी द्वारा संबंधित परिसरों में तलाशी और आगे की जांच भी की जा रही है।
भ्रष्टाचार की शिकायत करने की अपील
सीबीआई ने आम लोगों से अपील की है कि किसी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगने की स्थिति में वे एजेंसी के समक्ष शिकायत दर्ज कराएं। एजेंसी ने भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों के लिए अपने दिल्ली स्थित एंटी करप्शन ब्रांच से संपर्क करने की अपील की है।













