AI तस्वीर को लेकर सियासी संग्राम: कांग्रेस पार्षद पर कोतवाली में मामला दर्ज
भाजपा मंडल अध्यक्ष ने लगाया तिरंगे के अपमान का आरोप, सोशल मीडिया पर कथित AI तस्वीर वायरल करने की शिकायत

सिंगरौली। कांग्रेस पार्षद अनिल कुमार वैश्य के सोशल मीडिया पेज पर वायरल कथित AI तस्वीर को लेकर सिंगरौली की राजनीति गरमा गई है। मामले में भाजपा मंडल अध्यक्ष सौरभ गुप्ता ने बैढ़न कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में भाजपा मंडल अध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस पार्षद के सोशल मीडिया पेज से एक AI के जरिए तैयार की गई तस्वीर प्रसारित की गई, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की तस्वीर के साथ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को कथित तौर पर उल्टा प्रदर्शित किया गया।भाजपा नेता ने इस तस्वीर को राष्ट्रीय ध्वज का अपमान बताते हुए पुलिस से संबंधित व्यक्ति के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने से राष्ट्रीय भावनाओं को ठेस पहुंच सकती है।
मामले के सामने आने के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर की जांच करेगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि तस्वीर किस माध्यम से तैयार और प्रसारित हुई तथा इसके पीछे किसकी भूमिका रही।फिलहाल मामला दर्ज होने के बाद सिंगरौली की राजनीति में AI तस्वीर को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति और जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी।













