बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सुबह टहलने निकले 75 वर्षीय बुजुर्ग लापता, परिवार ने लगाई तलाश में मदद की गुहार

18 अगस्त से कमला प्रसाद शाह का नहीं मिला सुराग, खुटार पुलिस ने दर्ज किया मामला; जानकारी मिलने पर पुलिस को दें सूचना

सिंगरौली। खुटार पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम नौगई निवासी 75 वर्षीय कमला प्रसाद शाह 18 अगस्त की सुबह घर से टहलने के लिए निकले थे, लेकिन इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका है। परिजनों ने अपने स्तर पर आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर पुलिस से मदद मांगी गई है।

परिजनों के अनुसार कमला प्रसाद शाह प्रतिदिन सुबह करीब 3:30 बजे उठकर टहलने जाते थे। इसके बाद ग्राम नौगई टिकुटी टोला स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना करना उनकी दिनचर्या में शामिल था। 18 अगस्त को भी वह घर से इसी तरह निकले, लेकिन वापस नहीं लौटे।

लापता बुजुर्ग की उम्र करीब 75 वर्ष, कद लगभग 5 फीट, रंग गोरा, शरीर एकहरा और चेहरा गोल है। घटना के समय उन्होंने सफेद लुंगी, गेरुआ रंग की बनियान और पैरों में जूते पहन रखे थे। वे स्थानीय देहाती भाषा बोलते हैं।

परिजनों की सूचना पर खुटार पुलिस चौकी में धारा 140(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस और परिजन संभावित स्थानों पर उनकी तलाश कर रहे हैं।

परिजनों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को कमला प्रसाद शाह कहीं दिखाई दें या उनके संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल खुटार पुलिस चौकी अथवा नजदीकी पुलिस थाना को सूचना दें।

Author

Related Articles

Back to top button