लगातार बारिश से निचले इलाके में गिरा मकान, बाल-बाल बचे परिवार के सदस्य
पार्षद प्रतिनिधि ने मौके पर पहुंचकर ली सुध, जल निकासी व्यवस्था का दिया आश्वासन

सिंगरौली। लगातार हो रही बारिश ने नगर पालिक निगम सिंगरौली के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राजीव वार्ड क्रमांक-39 के संत रविदास नगर बैढ़न (टॉकीज के पास) में बारिश के चलते एक पुराना कच्चा-पक्का मकान गिर गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार निचले क्षेत्र में स्थित होने और बरसाती पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण जलभराव की समस्या बनी हुई है। इसी के चलते रमेश साकेत का मकान बारिश के पानी से कमजोर होकर धराशायी हो गया। वहीं आसपास के कई अन्य घरों में भी बरसाती पानी घुस गया है, जिससे लोगों का रहना और आवागमन मुश्किल हो गया है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद गुरुवार सुबह राजीव वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अमित यादव मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों का हाल जाना। उनके साथ समाजसेवी एडवोकेट हसन उसैद एवं मोहम्मद शाहिद खान रिंकू भी मौजूद रहे। पार्षद प्रतिनिधि ने जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए नगर निगम प्रशासन एवं हल्का पटवारी से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
इधर नगर निगम के उप स्वच्छता पर्यवेक्षक बल्ले भी जेसीबी मशीन और सफाई कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। टीम द्वारा नाली की साफ-सफाई कर पानी निकासी का प्रयास किया गया, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान अभी नहीं हो पाया है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि क्षेत्र में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराई जाए, ताकि हर साल बारिश के दौरान होने वाली परेशानी और नुकसान से लोगों को राहत मिल सके। वहीं पार्षद प्रतिनिधि ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।













