संत रविदास के समतामूलक समाज का संदेश घर-घर पहुंचाने निकली कलश यात्रा
650वीं जयंती वर्ष पर सिंगरौली में समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ, सामाजिक एकता और भाईचारे का लिया संकल्प

सिंगरौली, 20 अगस्त 2026। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जन्म जयंती वर्ष के अवसर पर मध्यप्रदेश सरकार द्वारा प्रदेशभर में समरसता संकल्प अभियान शुरू किया जा रहा है। इसी क्रम में सिंगरौली के अटल सामुदायिक भवन, बिलौजी में आयोजित कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की राज्यमंत्री राधा सिंह, सिंगरौली विधायक राम निवास शाह, देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम, महापौर रानी अग्रवाल, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय और भाजपा जिलाध्यक्ष सुन्दर लाल शाह सहित जनप्रतिनिधियों ने अभियान का शुभारंभ किया।
अभियान का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों में समानता, भाईचारे, बंधुत्व और सामाजिक सद्भाव की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम में गुरु रविदास महाराज के प्रसिद्ध संदेश “ऐसा चाहूँ राज मैं, जहाँ मिले सबन को अन्न। छोट-बड़ो सब सम बसें, रविदास रहे प्रसन्न।” को सामाजिक समरसता का आधार बताते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

राज्यमंत्री राधा सिंह ने कहा कि गुरु रविदास महाराज ने समाज को समानता, मानवता और भाईचारे की राह दिखाई। उनके विचार आज भी समतामूलक समाज के निर्माण के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान और कलश यात्रा में अधिक से अधिक भागीदारी का आह्वान किया।
विधायक राम निवास शाह और राजेन्द्र मेश्राम ने भी गुरु रविदास के विचारों को आत्मसात कर सामाजिक सद्भाव मजबूत करने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में राज्यमंत्री ने 20 अगस्त से 10 सितंबर तक आयोजित होने वाली कलश यात्रा को रवाना किया। इस अवसर पर पार्षद सीमा जायसवाल, पूर्व प्राधिकरण अध्यक्ष दिलीप शाह, अपर कलेक्टर पीएस त्रिपाठी, सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा, एसडीएम सुरेश जाधव, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक राज कुमार विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।













