भारत को जानो प्रतियोगिता को लेकर स्कूलों में बढ़ी हलचल, 31 अगस्त को होगी परीक्षा

सिंगरौली। विद्यार्थियों में भारतीय इतिहास, संस्कृति और राष्ट्रीय विरासत के प्रति ज्ञान एवं जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद की ओर से आयोजित ‘भारत को जानो’ राष्ट्रीय ज्ञान एवं प्रश्नमंच प्रतियोगिता को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विद्यालयों में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
प्रतियोगिता में भारत के इतिहास, भूगोल, साहित्य, विज्ञान, संविधान, धर्म, महापुरुषों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विषय शामिल हैं। तैयारी के लिए विद्यार्थियों को ‘भारत को जानो’ पुस्तक उपलब्ध कराई जा रही है। परिषद के अनुसार देशभर में हर वर्ष करीब 15 लाख विद्यार्थी प्रतियोगिता में शामिल होते हैं।
इस वर्ष परीक्षा 31 अगस्त 2026 को होगी। पंजीयन शुल्क 50 रुपए निर्धारित किया गया है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। सिंगरौली इकाई ने जिले के करीब 22 विद्यालयों को आयोजन एवं पंजीयन संबंधी जानकारी दी है।
परिषद अध्यक्ष अमित राज ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन से अधिक से अधिक सहभागिता की अपील की। सेमफोर्ड स्कूल बरगवां की प्राचार्या विशाखा राय ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को देश की संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने के साथ उनके आत्मविश्वास और प्रतिभा को भी निखारती हैं।













