ब्लैकमेलिंग, धोखाधड़ी और दुष्कर्म के आरोपी को जियावन पुलिस ने किया गिरफ्तार, जेल भेजा

सिंगरौली। थाना जियावन पुलिस ने ब्लैकमेलिंग, मारपीट, धोखाधड़ी और दुष्कर्म के गंभीर मामले में आरोपी राजेश कुमार साहू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल पचोर भेज दिया गया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं एसडीओपी देवसर डॉ. गायत्री तिवारी के मार्गदर्शन में की गई।
पुलिस के अनुसार एक शिक्षिका ने परिजनों के साथ थाना जियावन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि आरोपी ने ब्लैकमेल कर लाखों रुपये लिए तथा पीड़िता को बंधक बनाकर मारपीट और दुष्कर्म किया। साथ ही निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया तथा उसके मंगेतर को भेजकर शादी तुड़वाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया।
शिकायत के आधार पर थाना जियावन में अपराध क्रमांक 209/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं सहित आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने पूछताछ के साथ डिजिटल साक्ष्यों से संबंधित वैधानिक कार्रवाई भी पूरी की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेश कुमार साहू पिता रामाधार साहू, उम्र 29 वर्ष, निवासी छिवा/सहुआर, थाना जियावन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पूर्व में भी एक मामला दर्ज है। कार्रवाई में थाना प्रभारी शेष नारायण दुबे, थाना प्रभारी सरई प्रहलाद सिंह मर्सकोले सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













