बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

गाय को लेकर विवाद में महिला सरपंच से मारपीट का आरोप

परिवार के लोगों पर गाली-गलौज, सड़क पर पटकने और पति से भी मारपीट का आरोप; पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग

सिंगरौली/देवसर जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जियावन के ग्राम अकौरी में गाय को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। ग्राम पंचायत जियावन की महिला सरपंच पप्पू देवी साकेत ने परिवार के ही कुछ लोगों पर गाली-गलौज, अपमानित करने और मारपीट कर सड़क पर पटकने का आरोप लगाया है। घटना में सरपंच को चोटें आने की बात सामने आई है। मामले को लेकर उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।महिला सरपंच पप्पू देवी साकेत के अनुसार वह अपनी गाय को लेकर जा रही थीं। इसी दौरान राकेश साकेत, राजेश साकेत, भारत लाल साकेत पिता भैया लाल साकेत, बसंती साकेत सहित अन्य लोगों ने कथित तौर पर उन्हें रोक लिया। आरोप है कि गाय द्वारा वहां गोबर करने और उसे तेजी से नहीं ले जाने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और संबंधित लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज एवं अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया।
सरपंच का कहना है कि विवाद बढ़ने पर उन्होंने अपने पति महादेव साकेत को आवाज देकर मामले की जानकारी दी। इसी दौरान आरोप है कि सभी लोग एकजुट होकर उनके साथ मारपीट करने लगे और उन्हें पीसीसी सड़क पर पटक दिया। मारपीट में उनके शरीर पर चोटें आईं।

पति को भी रोककर मारपीट करने का आरोप
घटना की जानकारी मिलने पर सरपंच के पति महादेव साकेत नदी की ओर से मौके पर पहुंचे। सरपंच के आरोप के मुताबिक, उनके पति को भी रास्ते में रोककर मारपीट की गई तथा अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। बाद में किसी तरह बीच-बचाव कर दोनों को बचाया गया।
घटना के बाद महिला सरपंच ने जियावन पुलिस से पूरे मामले की जांच कर आरोपितों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के बावजूद उनके साथ इस प्रकार का व्यवहार किया गया, जिससे वह और उनका परिवार आहत है।

जांच के बाद स्पष्ट होगी वास्तविक स्थिति
मामले में महिला सरपंच की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है। घटना की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच, दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगी।

Author

Related Articles

Back to top button