NCL में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, निगाही-दुधिचुआ की बदली कमान
सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) में सोमवार को माइनिंग कैडर के छह वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। प्रशासनिक फेरबदल के बाद निगाही और दुधिचुआ समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल गई हैं। तबादला आदेश सामने आने के बाद एनसीएल के प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
आदेश के अनुसार निगाही परियोजना के एजीएम राजेंद्र वर्मा को जीएम (सीएमसी) की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं दुधिचुआ परियोजना के एजीएम विनोद कुमार सिंह को जीएम (क्यूसी) बनाया गया है। दुधिचुआ परियोजना की कमान अब कृष्णशिला से स्थानांतरित होकर आए सुमन सौरभ को सौंपी गई है।
इसके अलावा जीएम (सेफ्टी) आरएस भदौरिया को एजीएम कृष्णशिला, जीएम (सीएमसी) रतनजय कुमार सिंह को एजीएम निगाही तथा जीएम (क्यूसी) डॉ. सीपी सिंह को जीएम (सेफ्टी) की जिम्मेदारी दी गई है।
तबादला आदेश में सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। एनसीएल की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में हुए इस प्रशासनिक बदलाव को संगठनात्मक स्तर पर अहम माना जा रहा है। अधिकारियों की नई जिम्मेदारियों से परियोजनाओं के संचालन, गुणवत्ता, सुरक्षा और प्रबंधन से जुड़े कार्यों पर भी असर देखने को मिलेगा।












