परसौना-खुटार-रजमिलान-माड़ा मार्ग बना तालाब, कमर तक पानी में जान जोखिम में डालकर गुजर रहे राहगीर
जलभराव से थमे वाहनों के पहिए, कई बाइक सवार बाल-बाल बचे; प्रशासन से तत्काल व्यवस्था की मांग

सिंगरौली। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते परसौना-खुटार-रजमिलान-माड़ा मुख्य मार्ग पर हालात बेहद खराब हो गए हैं। सड़क पर भारी जलभराव के कारण यह मार्ग तालाब में तब्दील हो गया है। कई स्थानों पर सड़क पर कमर तक पानी भर जाने से राहगीरों को अपनी जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि सुबह से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण जल निकासी की व्यवस्था प्रभावित हो गई है। मुख्य मार्ग होने के कारण इस रास्ते से 24 घंटे बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही होती है। जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बाइक पानी में बंद हो गईं, वहीं कुछ बाइक सवार तेज बहाव के कारण गिरते-गिरते बचे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर भरे पानी के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। खासकर रात के समय वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ जाता है, क्योंकि पानी की गहराई और सड़क की स्थिति का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल मौके पर टीम भेजकर जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए और सड़क पर सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि लोगों को परेशानी से राहत मिल सके। लगातार बारिश के बीच प्रशासनिक निगरानी और त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता जताई जा रही है।












