तिब्बत सीमा से आई बाढ़ ने नेपाल में मचाई तबाही, गांव और हाइड्रो प्रोजेक्ट बहे; 28 सुरक्षाकर्मी लापता

काठमांडू। तिब्बत सीमा से लगे नेपाल के इलाकों में अचानक आई भीषण बाढ़ से भारी तबाही की खबर है। रसुवा जिले के स्याप्रुबेसी और तिमुरे क्षेत्र में कई गांव और बुनियादी ढांचा परियोजनाएं प्रभावित हुई हैं। प्रशासन ने भोटे कोशी नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।
जिला प्रशासन के अनुसार कई गांवों और हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट की साइटों के बहने की सूचना मिली है। हालांकि, अभी नुकसान का सटीक आकलन नहीं हो सका है। अधिकारियों ने बड़े पैमाने पर जान-माल के नुकसान की आशंका जताई है।
बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। पुलिस और सेना की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में भेजी गई हैं। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
इस बीच 28 सुरक्षाकर्मियों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। इनमें 19 नेपाल पुलिस और नौ सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल हैं। कई इलाकों में संचार व्यवस्था प्रभावित होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में भी मुश्किलें आ रही हैं।













