देवसर में हर्षोल्लास के साथ निकला जश्ने ईद मिलादुन्नबी का जुलूस, जगह-जगह हुआ स्वागत

सिंगरौली/देवसर। पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के अवसर पर देवसर क्षेत्र में जश्ने ईद मिलादुन्नबी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुस्लिम समाज की ओर से भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में उत्साह और सौहार्द का वातावरण देखने को मिला।
जुलूस के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्वागत स्टॉल लगाकर लोगों को शरबत, पानी, फल, फ्रूटी एवं स्नैक्स का वितरण किया गया। लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी और आपसी प्रेम, एकता एवं भाईचारे का संदेश दिया।
इस अवसर पर गुलाम नबी ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी का पर्व पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं, इंसानियत, प्रेम और सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी नागरिकों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए समाज में आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
वहीं किरण उर्फ कविता जी ने भी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारे और आपसी विश्वास को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी लोगों से मिल-जुलकर शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया।
जुलूस के दौरान देवसर क्षेत्र में जगह-जगह लोगों ने सेवा और स्वागत के लिए स्टॉल लगाए। बड़ी संख्या में शामिल लोगों का उत्साह देखते ही बना। पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।










