विजयवाड़ा से तिरुपति जा रही बस ने ऑटो को मारी टक्कर, एक ही गांव के 7 लोगों की मौत
पलनाडू में भीषण सड़क हादसा, 10 घायल; दो की हालत गंभीर, कार्यक्रम से लौट रहे थे सभी मृतक

अमरावती। आंध्र प्रदेश के पलनाडू जिले में गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। हादसा चिलकलुरिपेट नेशनल हाईवे पर उस समय हुआ, जब विजयवाड़ा से तिरुपति जा रही एक निजी ट्रैवल बस की ऑटो-रिक्शा से जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग चिलकलुरिपेट मंडल के वेलुरु गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, सभी लोग एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कोंडामंजुलुरु गए थे और ऑटो-रिक्शा से अपने गांव वेलुरु लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही बस से उनकी टक्कर हो गई।
10 लोग घायल, दो की हालत गंभीर
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो में सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं। हादसे में 10 लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
परिवहन मंत्री ने जताया दुख
आंध्र प्रदेश के परिवहन मंत्री मंदीपल्ली रामप्रसाद रेड्डी ने हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के अधिकारियों को निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि सड़क हादसों में लोगों की जान जाना बेहद दुखद है। उन्होंने अधिकारियों को घटनास्थल पर यातायात व्यवस्था सामान्य करने के निर्देश भी दिए। साथ ही लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की।
एक ही गांव के सात लोगों की मौत से वेलुरु गांव में शोक का माहौल है। हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।













