देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

महाराष्ट्र में दर्दनाक हादसा: ट्रेन के सामने कूदकर एक ही परिवार के 4 लोगों ने दी जान

पति-पत्नी के साथ दो मासूम बच्चों की मौत, पारिवारिक विवाद को माना जा रहा संभावित कारण; पुलिस जांच में जुटी

जलगांव। महाराष्ट्र के जलगांव जिले के अमलनेर तालुका के टाकरखेड़ा गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। एक ही परिवार के चार सदस्यों ने चलती ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे शामिल हैं। घटना की सूचना वेस्टर्न रेलवे के अधिकारियों ने सुबह करीब 4:40 बजे अमलनेर पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस इंस्पेक्टर दत्तात्रेय निकम के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। मृतकों की पहचान सुनील अमृत भील, उनकी पत्नी पार्वती भील और उनके दोनों बेटों सनी व राज के रूप में हुई है।

सुबह घर से निकला था पूरा परिवार

पुलिस के अनुसार, परिवार के चारों सदस्य गुरुवार सुबह करीब चार बजे अचानक घर से निकले थे। इसके कुछ ही देर बाद धरनगांव और अमलनेर के बीच रेलवे ट्रैक पर यह घटना हो गई। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिवार से जुड़े लोगों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके। पुलिस परिवार की परिस्थितियों और घटना से पहले की गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है।

एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, विशेषकर दो मासूम बच्चों की जान जाने की खबर से टाकरखेड़ा गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Author

Related Articles

Back to top button