बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

राखी मेले में दिखी स्व-सहायता समूहों की बहनों की हुनर और आत्मनिर्भरता की झलक

राज्यमंत्री राधा सिंह एवं विधायक द्वय ने किया राखी मेले का अवलोकन

सिंगरौली। राखी पर्व के अवसर पर अटल सामुदायिक भवन बिलौजी में 25 अगस्त से 28 अगस्त तक आयोजित राखी मेले का मध्यप्रदेश शासन की पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह, सिंगरौली विधायक राम निवास शाह एवं देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम ने अवलोकन किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित स्थानीय उत्पादों का अवलोकन कर समूह की बहनों का उत्साहवर्धन किया। मेले में ‘स्थानीय उत्पाद, स्थानीय पहचान’ के संदेश को साकार करते हुए स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित आकर्षक एवं पारंपरिक हस्तनिर्मित राखियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।

 

इसके साथ ही मेले में मिलेट्स, स्वादिष्ट महुआ लड्डू, शुद्ध देशी अरहर दाल, प्राकृतिक शहद सहित विभिन्न स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य उत्पादों का भी प्रदर्शन एवं विक्रय किया जा रहा है। इस अवसर पर स्व-सहायता समूहों की बहनों को प्रोत्साहित करते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पाद न केवल उनकी आत्मनिर्भरता का माध्यम बन रहे हैं, बल्कि जिले की पहचान को भी मजबूत कर रहे हैं। सरकार का उद्देश्य स्व-सहायता समूहों की बहनों को उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। ऐसे आयोजनों से महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय के साथ-साथ नए बाजार और ग्राहकों से जुड़ने का अवसर मिलता है।

 

वही सिंगरौली विधायक श्री राम निवास शाह ने कहा कि स्व-सहायता समूहों की बहनों द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पाद आत्मनिर्भर सिंगरौली की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।उन्होंने कहा कि ऐसे मेले महिलाओं के उत्पादों को उपभोक्ताओं तक पहुंचाने और उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि स्थानीय उत्पादों की खरीद कर महिला समूहों को प्रोत्साहित करें, ताकि महिलाओं की मेहनत को उचित मूल्य और सम्मान मिल सके। देवसर विधायक श्री राजेन्द्र मेश्राम ने कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं स्वरोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलने से समूहों की गतिविधियों का विस्तार होगा और अधिक महिलाएं आर्थिक गतिविधियों से जुड़ सकेंगी।

 

उन्होंने राखी मेले में प्रदर्शित हस्तनिर्मित राखियों एवं स्थानीय खाद्य उत्पादों की सराहना करते हुए नागरिकों से इन उत्पादों को अपनाने का आह्वान किया। मेले में महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित विभिन्न उत्पादों की बिक्री की जा रही है। राखी पर्व के अवसर पर आयोजित यह मेला स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने के साथ महिला समूहों को स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तीकरण के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस अवसर पर पार्षद श्रीमती सीमा जायसवाल, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री राज कुमार विश्वकर्मा, डीपीएम श्री मंगलेश्वर सिंह सहित जनप्रतिनिधिगण एवं स्व-सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।

Author

Related Articles

Back to top button