बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

बैगा बच्चों की मौत मामले में मुआवजे और निष्पक्ष जांच की मांग, बैगा समाज संघ ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

सिंगरौली। बालाघाट जिले के बैगा बहुल क्षेत्रों में संक्रामक बीमारी से बच्चों की मौत के मामले को लेकर बैगा समाज संघ मध्यप्रदेश ने चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री के नाम सिंगरौली कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। संघ ने पीड़ित परिवारों को 25 लाख रुपए मुआवजा देने, मामले की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कराने और बैगा अंचलों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

ज्ञापन में संघ ने उल्लेख किया कि बालाघाट क्षेत्र में खसरा (मीजल्स) एवं अन्य संक्रामक बीमारियों से 22 बैगा बच्चों की मौत बेहद दुखद और चिंताजनक है। संगठन ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य सेवाओं और टीकाकरण व्यवस्था में लापरवाही के कारण ऐसी स्थिति बनी। संघ ने मांग की कि पूरे मामले की जांच कर दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

बैगा समाज संघ ने प्रत्येक मृतक बच्चे के परिवार को 25 लाख रुपए की आर्थिक सहायता एवं आजीविका सहयोग देने की मांग रखी। इसके साथ ही बैगा बाहुल्य एवं दूरस्थ क्षेत्रों में 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, डॉक्टरों, नर्सों और आवश्यक दवाओं की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की गई।

संघ ने ज्ञापन के माध्यम से बैगा ग्रामों में नियमित टीकाकरण अभियान, स्वास्थ्य शिविर, पोषण अभियान, एंबुलेंस नेटवर्क को मजबूत करने तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए दीर्घकालीन योजना लागू करने की मांग भी उठाई।

बैगा समाज संघ के प्रदेश सचिव मुन्नीलाल बैगा ने बताया कि ज्ञापन की प्रतिलिपि जनजातीय कार्य मंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, प्रमुख सचिव, बालाघाट कलेक्टर सहित केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को भी भेजी गई है। उन्होंने कहा कि यह केवल मुआवजे का मामला नहीं, बल्कि आदिवासी बच्चों के जीवन और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के अधिकार से जुड़ा विषय है।

Author

Related Articles

Back to top button