दिल्ली-NCR में फ्लू का बढ़ा खतरा, गौतमबुद्ध नगर में 192 मरीज मिले
स्वाइन फ्लू के साथ डेंगू ने भी बढ़ाई चिंता, अस्पतालों को सतर्क रहने और गंभीर मरीजों की निगरानी के निर्देश

नई दिल्ली। मौसम में बदलाव के साथ दिल्ली-NCR में मौसमी बीमारियों का असर बढ़ने लगा है। गौतमबुद्ध नगर में स्वाइन फ्लू के मामलों में तेजी से वृद्धि दर्ज की गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में अब तक 192 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। बढ़ते मामलों को देखते हुए अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों के लिए इमरजेंसी एडवाइजरी जारी की गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को निर्देश दिए हैं कि तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, सांस लेने में परेशानी, बदन दर्द और अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षणों वाले मरीजों की जांच प्राथमिकता से की जाए। गंभीर लक्षण वाले मरीजों की लगातार निगरानी करने और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उच्च चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा गया है।
अस्पताल प्रबंधन को संक्रमण से बचाव के उपायों को सख्ती से लागू करने के साथ डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को भी अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। दवाओं, जांच सुविधाओं और जरूरी चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर है।
डेंगू के 48 मामले भी सामने आए
स्वाइन फ्लू के साथ जिले में डेंगू का खतरा भी बढ़ रहा है। अब तक 48 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने मच्छरों के प्रजनन वाले स्थानों की पहचान और लार्वा नियंत्रण अभियान तेज करने की तैयारी की है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार बदलते मौसम में वायरल संक्रमण तेजी से फैल सकता है। लोगों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर सावधानी बरतने, खांसते-छींकते समय मुंह-नाक ढकने और हाथों की स्वच्छता का ध्यान रखने की सलाह दी गई है। बुखार या फ्लू जैसे लक्षण होने पर खुद से दवा लेने के बजाय चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की गई है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि दोनों बीमारियों को लेकर निगरानी बढ़ा दी गई है और अस्पतालों से मरीजों की जानकारी लगातार जुटाई जा रही है।













