लगभग 41 वर्षों की गौरवपूर्ण एवं समर्पित सेवा के बाद वरिष्ठ सचिवालय सहायक श्री नरिंदर ढुल हुए सेवानिवृत्त

मनोज शर्मा,चंडीगढ़ : एनसीसी निदेशालय, चंडीगढ़ में वरिष्ठ सचिवालय सहायक (सीनियर सेक्रेटेरिएट असिस्टेंट) के पद पर कार्यरत नरिंदर ढुल आज लगभग 41 वर्षों की दीर्घ एवं गौरवपूर्ण सरकारी सेवा पूर्ण करने के उपरांत सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनकी सेवानिवृत्ति के अवसर पर कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके समर्पित कार्यकाल, कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं उत्कृष्ट सेवाओं को याद करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।
नरिंदर ढुल ने अपने सरकारी सेवाकाल की शुरुआत 16 सितंबर 1985 को 506 आर्मी बेस वर्कशॉप, जबलपुर में लैब तकनीशियन के रूप में की। इसके बाद उन्होंने मोटर मैकेनिक, एलडीसी, यूडीसी तथा जूनियर अकाउंटेंट सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए अपनी कार्यकुशलता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।
उनका सेवाकाल विभिन्न प्रतिष्ठित कार्यालयों एवं संस्थानों में रहा। उन्होंने जबलपुर, दिल्ली चंडीगढ़ सहित अनेक स्थानों पर अपनी सेवाएं प्रदान की ।
1 फरवरी 2010 से 31 अगस्त 26 तक उन्होंने एनसीसी डायरेक्टरेट चंडीगढ़ में सेवाएं दी।
30 जून 2022 से UDC पद का नाम बदलकर सीनियर सेक्रेटेरिएट असिस्टेंट (एसएसए) किए जाने के बाद वे इसी पद पर कार्यरत रहे और आज अपनी दीर्घ सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अनेक सम्मान
नरिंदर ढुल का सेवाकाल अनेक उपलब्धियों एवं सम्मानों से गौरवान्वित रहा है। उन्हें—15 जून 1994 को कमांडेंट, 506 आर्मी बेस वर्कशॉप, जबलपुर द्वारा कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए कैश अवार्ड सर्टिफिकेट प्रदान किया गया।
15 अक्टूबर 2007 को डीजी इएमइ, हेडक्वार्टर टेक्निकल ग्रुप इएमइ, दिल्ली कैंट द्वारा डिवोशन टू ड्यूटी के लिए कमेंडेशन कार्ड प्रदान किया गया।
15 अक्टूबर 2009 को मेजर जेनेरल, कमांडर टेक्निकल ग्रुप इएमइ, दिल्ली कैंट द्वारा प्रोफेशनल एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया गया।
28 मार्च 2013 को मिनिस्ट्री ऑफ़ टेलीकम्यूनिकेशन द्वारा अप्प्रेसर्टिफिकेट सर्टिफिकेट प्रदान किया गया।
वर्ष 2018-19 में डायरेक्टर जनरल एनसीसी द्वारा डीजी एनसीसी कमेंडेशन कार्ड एवं कैश अवार्ड से सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त उन्होंने आरडीसी -2020, दिल्ली में एकाउंट्स क्लर्क के रूप में कार्य करते हुए चैंपियन कंटिंजेंट का हिस्सा बनने का गौरव भी प्राप्त किया।
नरिंदर ढुल ने अपने लगभग चार दशक लंबे सेवाकाल में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। उनकी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, ईमानदारी, कार्य के प्रति समर्पण एवं व्यवहार-कुशलता ने उन्हें सहकर्मियों के बीच विशेष सम्मान दिलाया।
एनसीसी निदेशालय, चंडीगढ़ परिवार ने नरिंदर ढुल की दीर्घ एवं समर्पित सेवाओं के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद,शांतिपूर्ण एवं समृद्ध सेवानिवृत्त जीवन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी सेवाएं एवं उनका सौम्य व्यक्तित्व सदैव स्मरणीय रहेगा।











