बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

चरगोड़ा स्कूल के बाहर छात्र और साथी पर लाठी-डंडों से हमला, एससी-एसटी एक्ट में केस दर्ज

इंस्टाग्राम पर फोटो लगाकर वोटिंग की शर्त को लेकर विवाद का आरोप; मारपीट में दोनों युवक घायल, एक जिला अस्पताल में भर्ती

सिंगरौली। बैढ़न थाना क्षेत्र के चरगोड़ा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के बाहर अर्द्धवार्षिक परीक्षा देकर निकले छात्र और उसके साथी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के साथ एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर क्रमांक 1545 के तहत मामला 28 नवंबर 2026 को शाम 5:37 बजे दर्ज किया गया।

परीक्षा के बाद स्कूल गेट पर हुआ विवाद
प्राथमिकी के अनुसार, पिपराकुरद निवासी 18 वर्षीय अभिमन्यु साकेत ने पुलिस को बताया कि 27 नवंबर को शाम करीब 4:30 बजे अर्द्धवार्षिक परीक्षा देकर स्कूल से बाहर निकलते समय गेट पर अश्वनी जायसवाल, टिंकल जायसवाल, सत्यम जायसवाल और शिवराज वैश्य मिले। आरोप है कि इंस्टाग्राम पर फोटो लगाकर वोटिंग की शर्त को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने अभिमन्यु और उसके दोस्त शाहिद शेख के साथ गाली-गलौज की और लाठी-डंडों तथा हाथ-मुक्कों से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।

बीच-बचाव के बाद भी दोनों को आई चोटें
रिपोर्ट में बताया गया है कि शोर सुनकर ज्ञान बाबू कहार, नवीन खान, हामिद खान और नितेश पनिका ने बीच-बचाव किया। मारपीट में अभिमन्यु के सिर में दो जगह और कमर के बाईं ओर चोट आई, जबकि शाहिद शेख के सिर में चोट लगने पर उसे जिला अस्पताल बैढ़न में भर्ती कराया गया।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 296(b), 115(2), 351(3) और 3(5) के साथ एससी-एसटी अधिनियम 1989 की धारा 3(1)(द), 3(1)(ध) और 3(2)(va) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। मामले की विवेचना निरीक्षक अभिमन्यु द्विवेदी कर रहे हैं।

Author

Related Articles

Back to top button