बलियरी में युवक की मौत पर परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, एनटीपीसी की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
वार्ड 38 के कांग्रेस पार्षद अनिल कुमार वैश्य ने मामले की जानकारी देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग उठाई; 4 लाख रुपये की सहायता और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की बात

सिंगरौली। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 38 के बलियरी क्षेत्र में 28 वर्षीय मोहम्मद रहमान की मौत का मामला गंभीर होता जा रहा है। युवक की मौत के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। परिवार का कहना है कि रहमान की मौत सामान्य परिस्थितियों में नहीं हुई है, इसलिए घटना की वास्तविक वजह सामने आनी चाहिए।
जानकारी के अनुसार, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने युवक का शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद परिवार के लोग अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए। वहीं, घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।वार्ड 38 के कांग्रेस पार्षद अनिल कुमार वैश्य ने भी मामले को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एनटीपीसी की ओर से मृतक के परिवार को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की बात कही गई है।
युवक की मौत के बाद एनटीपीसी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। परिजनों और स्थानीय लोगों की मांग है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर मौत की असली वजह सामने लाई जाए और जिम्मेदारी तय की जाए।













