बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

32 किलोमीटर की स्वागत रैली के साथ लालबाबू वैश्य का शक्ति प्रदर्शन, निगाही में मंत्री राधा सिंह ने की अगवानी

मोरवा शिव धाम से भाजपा जिला कार्यालय तक निकली रैली, पूर्व विधायक रामलल्लू वैश्य भी रहे शामिल

सिंगरौली। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष लालबाबू वैश्य के स्वागत में रविवार को जिले में 32 किलोमीटर लंबी रैली निकाली गई। मोरवा के शिव धाम से शुरू हुई रैली जयंत, निगाही और नवानगर होते हुए विंध्यनगर रोड स्थित भाजपा जिला कार्यालय पहुंची। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया।

निगाही में मंत्री और विकास प्राधिकरण अध्यक्ष ने की अगवानी
रैली के दौरान निगाही में पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह और सिंगरौली विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल ने समर्थकों के साथ लालबाबू वैश्य का स्वागत किया। पूर्व विधायक रामलल्लू वैश्य भी रैली में शामिल हुए। जिला कार्यालय पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष का अभिनंदन किया।

नियुक्ति के सियासी मायनों पर चर्चा
लालबाबू वैश्य की नियुक्ति को लेकर जिले के राजनीतिक और संगठनात्मक हलकों में चर्चाएं तेज हैं। उम्र संबंधी कारणों से पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा का टिकट नहीं मिलने के बाद पूर्व विधायक रामलल्लू वैश्य की आगे की राजनीतिक भूमिका को लेकर भी चर्चाएं होती रही हैं। लालबाबू वैश्य उनके भतीजे हैं।
हालांकि, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष की नियुक्ति के पीछे किसी विशेष राजनीतिक समीकरण को लेकर पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इसके बावजूद वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी और 32 किलोमीटर लंबी स्वागत रैली को संगठन में उनकी भूमिका और राजनीतिक प्रभाव के नजरिए से देखा जा रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button